
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी ।जिले में 21 सितंबर को एक बड़े रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। यह मेला राजकीय आईटीआई, कौशल विकास मिशन और जिला सेवायोजन कार्यालय, अमेठी मिलकर लगा रहे हैं। इसका आयोजन राजकीय आईटीआई, गौरीगंज परिसर में होगा।जिला सेवायोजन अधिकारी अभिनव त्रिपाठी ने बताया कि इस रोजगार मेले में हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, आईटीआई, डिप्लोमा और स्नातक पास उम्मीदवार हिस्सा ले सकते हैं। इच्छुक उम्मीदवार अपने शैक्षिक प्रमाण-पत्र, बायोडाटा (रिज्यूमे) और दूसरे जरूरी कागजात के साथ 21 सितंबर को राजकीय आईटीआई, गौरीगंज परिसर पहुंच सकते हैं। वहां वे चयन प्रक्रिया में शामिल हो पाएंगे।उन्होंने बताया कि मेले में 20 से ज्यादा नामी कंपनियां आएंगी। इन कंपनियों ने 1000 से ज्यादा खाली पदों पर भर्ती के लिए अपनी सहमति दी है। इस मेले से युवाओं को निजी क्षेत्र में नौकरी पाने का अच्छा मौका मिलेगा।रोजगार मेले में हिस्सा लेने के लिए उम्मीदवारों को Rojgaarsangam.up.gov.in पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन और आवेदन करना होगा। मेले में हेल्पडेस्क और रजिस्ट्रेशन में मदद के लिए भी व्यवस्था की जाएगी, ताकि उम्मीदवारों को कोई परेशानी न हो। जिला सेवायोजन अधिकारी ने ज्यादा से ज्यादा युवाओं से इस रोजगार मेले में आकर मौके का फायदा उठाने की अपील की है।