
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी।
राजर्षि रणंजय सिंह ग्लोबल स्कूल में गुरुवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। जन्माष्टमी की पूर्व संध्या पर विद्यालय में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। प्री-प्राइमरी के विद्यार्थियों ने राधा-कृष्ण का वेश धारण कर मनमोहक प्रस्तुतियां दीं।
नर्सरी के बच्चों ने ‘छोटी-छोटी गैया’ गीत पर सुंदर नृत्य प्रस्तुत किया। एलकेजी के विद्यार्थियों ने ‘मेरे बांके बिहारी लाल’ गीत पर सामूहिक नृत्य कर सभी का मन मोह लिया। यूकेजी ए के बच्चों ने ‘जो है अलबेला’ तथा यूकेजी बी के विद्यार्थियों ने ‘राधा गोरी-गोरी’ गीत पर रंगारंग प्रस्तुति देकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
इस अवसर पर कक्षा एक से आठ तक के विद्यार्थियों ने मटका डेकोरेशन गतिविधि में प्रतिभाग किया। बच्चों ने छोटे-छोटे समूहों में मटकों को रंगों, झालरों और नगों से आकर्षक ढंग से सजाया। उनकी रचनात्मकता और उत्साह देखते ही बन रहा था।
विद्यालय के प्रधानाचार्य ललित नारायण शर्मा ने सभी को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह पर्व हमें सिखाता है कि कठिनाइयां कितनी भी बड़ी हों, यदि उद्देश्य पवित्र हो तो विजय अवश्य मिलती है। कार्यक्रम में शिक्षक-शिक्षिकाएं और विद्यार्थी उपस्थित रहे।