
पारदर्शी विकाश न्यूज़ लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री संजय निषाद ने गाजीपुर में हुए कमलेश बिंद एनकाउंटर पर सवाल उठाते हुए पुलिस कार्रवाई की निष्पक्ष जांच की मांग की है। लखनऊ स्थित अपने आवास पर आयोजित प्रेसवार्ता में उन्होंने कहा कि विनीत राय हत्याकांड के मुख्य आरोपी अभी भी गिरफ्त से बाहर हैं। यदि पुलिस कार्रवाई सही है तो मुख्य आरोपियों के खिलाफ भी वैसी ही कार्रवाई करके दिखानी चाहिए।संजय निषाद ने कहा कि अपराधी की कोई जाति नहीं होती, लेकिन किसी भी आरोपी को कानून के तहत न्याय मिलने का अधिकार है। उन्होंने दावा किया कि कमलेश बिंद मामले का मुख्य आरोपी नहीं था, ऐसे में उसके एनकाउंटर को लेकर कई सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने मृतक की पत्नी द्वारा लगाए गए आरोपों का भी उल्लेख करते हुए कहा कि मामले की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए।कैबिनेट मंत्री ने आरोप लगाया कि कुछ अधिकारियों की कार्यशैली सरकार के खिलाफ माहौल बनाने का काम कर रही है। उनका कहना था कि निषाद और बिंद समाज के साथ भेदभावपूर्ण रवैया अपनाया जा रहा है, जिसे समाज स्वीकार नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि पूरे प्रकरण की शिकायत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से की जाएगी।संजय निषाद ने न्यायिक प्रक्रिया का हवाला देते हुए कहा कि किसी भी आरोपी को अदालत में आत्मसमर्पण करने का अधिकार है। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि यदि प्रशासन को विरोध प्रदर्शन की आशंका थी तो सुरक्षा और खुफिया व्यवस्था को लेकर पर्याप्त तैयारी क्यों नहीं की गई।उन्होंने मांग की कि पूरे मामले में शामिल पुलिस अधिकारियों की भूमिका की जांच कराई जाए ताकि कानून व्यवस्था के नाम पर किसी निर्दोष के साथ अन्याय न हो। साथ ही कहा कि सरकार को ऐसे मामलों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करनी चाहिए।