
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। रेलबाजार पुलिस ने गैंगस्टर मोहम्मद जाहिद उर्फ खूंटी हत्याकांड का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी राजू कश्यप उर्फ राजू करिया को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस कार्रवाई के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे दबोच लिया गया।डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि 2 जून की रात टाटमिल चौराहे के पास खूंटी का रक्तरंजित शव मिला था। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और कॉल डिटेल के आधार पर पुलिस राजू करिया तक पहुंची। गुरुवार देर रात सीओडी पुल के पास घेराबंदी के दौरान आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने उसे घायल कर गिरफ्तार कर लिया।पूछताछ में आरोपी ने बताया कि खूंटी उसका करीबी दोस्त था। दोनों साथ मिलकर चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। एक चोरी के दौरान सिक्योरिटी गार्ड ने राजू को पकड़ लिया था, जबकि खूंटी उसे छोड़कर भाग गया था। इसके अलावा चोरी के माल में उसका हिस्सा भी नहीं दिया गया। इसी बात से नाराज होकर उसने बदला लेने की योजना बनाई।आरोपी ने कबूल किया कि उसने 2 जून की रात खूंटी को शराब पिलाने के बहाने बुलाया और नशे की हालत में धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद वह फरार हो गया था।पुलिस के अनुसार राजू करिया एक शातिर अपराधी है और उसके खिलाफ चोरी, लूट समेत 38 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। प्राथमिक उपचार के बाद आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।