news-details

गंगा में डूबा 22 वर्षीय युवक, तलाश जारी

You can share this post!

पारदर्शी विकास न्यूज़  कानपुर। भैरव घाट पर ताऊ के अंतिम संस्कार में शामिल होने आए 22 वर्षीय मयंक चौरसिया गंगा में नहाते समय तेज बहाव की चपेट में आकर डूब गए। मयंक बजरिया थाना क्षेत्र के प्रेम नगर निवासी हैं। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।परिजनों के मुताबिक, अंतिम संस्कार के बाद परिवार के लोग गंगा में हाथ-पैर धो रहे थे। इसी दौरान मयंक नहाने की जिद करते हुए गंगा में उतर गए। गहराई में पहुंचते ही उनका पैर फिसल गया और तेज धारा उन्हें अपने साथ बहा ले गई। आसपास मौजूद लोगों ने बचाने का प्रयास किया। रस्सी और टायर भी पानी में फेंके गए, लेकिन मयंक उन्हें पकड़ नहीं सके।सूचना मिलते ही कोहना थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद जल पुलिस के दो स्टीमर और छह गोताखोरों की टीम को तलाश में लगाया गया। गंगा का जलस्तर चेतावनी बिंदु के करीब होने और तेज बहाव के कारण रेस्क्यू टीम को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।परिजनों का आरोप है कि सूचना देने के बाद पुलिस तो मौके पर पहुंच गई, लेकिन गोताखोर और स्टीमर करीब एक घंटे बाद पहुंचे। परिवार ने घाट पर बैरिकेडिंग और पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने पर भी सवाल उठाए हैं।मयंक ने इसी वर्ष बीए में दाखिला लिया था। हादसे की खबर मिलते ही उनकी मां सविता और बहन रिमझिम का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के लोग लगातार मयंक के सकुशल मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं।