news-details

गंगा का जलस्तर बढ़ा, किनारे बसी बस्तियों में पानी घुसा

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS फर्रुखाबाद में गंगा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से नदी किनारे रहने वाले लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। नरौरा बांध से पानी छोड़े जाने के कारण गंगा में जलस्तर में तेज बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिसका सीधा असर तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों पर पड़ रहा है। गंगा किनारे अस्थायी झोपड़ियों में रहने वाले ‘गंगा पुत्रों’ की राउटियों तक पानी पहुंच गया है, जिससे उन्हें अपना सामान सुरक्षित स्थानों पर ले जाना पड़ रहा है।बीते दो दिनों से जलस्तर लगातार बढ़ रहा है और शनिवार को स्थिति और गंभीर हो गई। कई लोगों को अपनी झोपड़ियों से सामान समेटकर सुरक्षित जगहों की ओर जाते देखा गया। पानी बढ़ने के कारण घाटों तक जाने वाले रास्ते भी पूरी तरह से जलमग्न हो गए हैं, जिससे आवाजाही बाधित हो गई है।दुर्वासा ऋषि आश्रम के सामने गंगा कटान की स्थिति भी देखने को मिल रही है, जिससे स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई है। स्नानार्थियों की सुविधा के लिए बनाए गए मिट्टी के रास्ते भी पानी में बह गए हैं। पुल के पास बने घाटों पर भी हालात खराब हैं और वहां भी रास्ते पूरी तरह डूब चुके हैं।स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार बढ़ते जलस्तर के कारण झोपड़ियों में पानी घुस गया है, जिससे उन्हें अपने तख्त, बर्तन और अन्य जरूरी सामान सुरक्षित स्थानों पर ले जाना पड़ रहा है। प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है और राहत के लिए तैयारी की जा रही है।