
PARDARSHI VIKASH NEWS उन्नाव के गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र में रविवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका पति और दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।जानकारी के अनुसार, जाजमऊ चौकी क्षेत्र के त्रिभुवन खेड़ा के आगे एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार परिवार को जोरदार टक्कर मार दी। बाइक पर पति-पत्नी और उनके दो बेटे सवार थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि महिला सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही गंगाघाट कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायल पति व दोनों बच्चों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ट्रक और चालक की तलाश में जुटी है।