
PARDARSHI VIKASH NEWS प्रयागराज से मेरठ के बीच बन रहे गंगा एक्सप्रेसवे पर आंधी और बारिश के बाद एक स्थान पर सड़क का छोटा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया था। इसकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद संबंधित एजेंसियों ने तुरंत मरम्मत कार्य कराते हुए पैच को दुरुस्त कर दिया।अधिकारियों के अनुसार, ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे परियोजनाओं में निर्माण के शुरुआती चरण में कुछ स्थानों पर मिट्टी के दबने या धंसने के कारण ऐसी समस्याएं सामने आ सकती हैं। गंगा एक्सप्रेसवे पर भी इसी वजह से सड़क का एक हिस्सा प्रभावित हुआ था।तकनीकी विशेषज्ञों का कहना है कि नई सड़कों पर इस तरह की दरारें या धंसाव हमेशा निर्माण गुणवत्ता की कमी का संकेत नहीं होतीं, बल्कि कई बार भारी बारिश, मिट्टी के प्राकृतिक बैठाव और मौसम संबंधी कारणों से भी ऐसी स्थिति बन जाती है।प्रशासन ने प्रभावित हिस्से की मरम्मत पूरी कर ली है और वहां निगरानी के लिए विशेष टीम तैनात की गई है। अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल एक्सप्रेसवे पर किसी प्रकार की आवाजाही संबंधी समस्या नहीं है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।गौरतलब है कि इससे पहले लखनऊ-आगरा, पूर्वांचल और बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर भी शुरुआती दौर में कुछ स्थानों पर इसी तरह की तकनीकी चुनौतियां सामने आ चुकी हैं, जिन्हें समय रहते ठीक कर लिया गया था।