
PARDARSHI VIKASH NEWS उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में बुधवार देर रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ, जिसमें मदद करने पहुंचे लोगों को तेज रफ्तार एसयूवी ने कुचल दिया। इस भीषण दुर्घटना में दो सगे भाइयों, चाचा-भतीजे समेत कुल 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।घटना करनैलगंज कोतवाली क्षेत्र के नारायणपुर मोड़ के पास गोंडा-लखनऊ हाईवे पर रात करीब 10 बजे हुई। बताया जा रहा है कि पहले एक डंपर की टक्कर से एक बाइक सवार युवक घायल हो गया था। आसपास के लोग उसे एंबुलेंस तक पहुंचाने के लिए सड़क पार कर रहे थे, तभी तेज रफ्तार एसयूवी ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर इतनी भीषण थी कि कई लोग हवा में उछलकर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए। आक्रोशित लोगों ने एसयूवी सवारों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।घायलों को तुरंत सीएचसी करनैलगंज और फिर गोंडा मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने 5 लोगों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों में गुलशन, संजय तिवारी, हसन मोहम्मद, इम्तियाज अली और 10 वर्षीय अंशुमान शामिल हैं। बाकी घायलों का इलाज जारी है, जिनमें कुछ को लखनऊ रेफर किया गया है।पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर चालक समेत अन्य लोगों को हिरासत में लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रशासन ने इसे गंभीर सड़क दुर्घटना मानते हुए सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है। यह दर्दनाक हादसा इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल छोड़ गया है।