
PARDARSHI VIKASH NEWS यूपी के गोंडा में होने वाले नेशनल ओपन रैंकिंग टूर्नामेंट में हिस्सा लेने के लिए स्टार पहलवान विनेश फोगाट सोमवार को पहुंचीं। उन्होंने रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (WFI) के ‘कारण बताओ’ नोटिस का जवाब भी दाखिल कर दिया है। विनेश का दावा है कि उन्होंने संन्यास से वापसी से जुड़े सभी नियमों का पालन किया है और वे टूर्नामेंट में खेलने के लिए पूरी तरह पात्र हैं।हालांकि, WFI ने उनके जवाब से असहमति जताई है। फेडरेशन का कहना है कि जब तक अनुशासन समिति की सुनवाई और अंतिम फैसला नहीं हो जाता, तब तक उन्हें किसी भी घरेलू प्रतियोगिता में हिस्सा लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी।विनेश ने अपने पक्ष में तर्क देते हुए कहा कि वर्ल्ड एंटी-डोपिंग एजेंसी (WADA) कोड की धारा 5.6.1 उन पर लागू नहीं होती। उनका कहना है कि उन्होंने जून 2024 में ही यूनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग (UWW) को संन्यास से वापसी की जानकारी दे दी थी और सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली थीं, इसलिए उन्हें 26 जून 2026 तक अयोग्य ठहराने का फैसला गलत है।वहीं WFI का कहना है कि विनेश ने केवल अपनी पात्रता से जुड़े मुद्दे पर जवाब दिया है, लेकिन अन्य अनुशासनात्मक आरोपों पर कोई स्पष्टता नहीं दी गई है। फेडरेशन के अनुसार, पूरा जवाब दिए बिना मामला स्वीकार नहीं किया जा सकता और अनुशासन समिति की प्रक्रिया पूरी होने तक उन पर रोक बनी रहेगी।गोंडा पहुंचने से पहले विनेश ने कहा था कि उन्होंने नोटिस का जवाब दे दिया है और उनका वेरिफिकेशन पूरा होना है, जिसके बाद वे खेलेंगी। इस दौरान उन्होंने धार्मिक आस्था का जिक्र करते हुए कहा कि प्रभु राम का आशीर्वाद उनके साथ है। WFI ने 9 मई को उन्हें एंटी-डोपिंग नियमों के कथित उल्लंघन को लेकर कारण बताओ नोटिस जारी किया था।विनेश के पहुंचने के बाद नंदिनी नगर स्टेडियम में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। कई पुलिस अधिकारी और भारी बल तैनात किया गया है। स्टेडियम में प्रवेश के सभी गेटों पर सख्त निगरानी रखी जा रही है। विनेश ने यहां पहुंचकर वेट भी कराया, हालांकि ट्रेनिंग सेंटर बंद मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई और कहा कि उन्हें अभ्यास की अनुमति मिलनी चाहिए।इस बीच प्रतियोगिता के दौरान हरियाणा के पहलवानों का दबदबा देखने को मिल रहा है। 92 किलो फ्रीस्टाइल वर्ग में दीपक पूनिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में जगह बना ली है। उन्होंने सेमीफाइनल में अपने ही राज्य के पहलवान को एकतरफा मुकाबले में हराया। अब फाइनल मुकाबला हरियाणा के ही दो पहलवानों के बीच होने वाला है, जिसे टूर्नामेंट का अहम मुकाबला माना जा रहा है।टूर्नामेंट में देशभर से करीब 1400 पहलवान हिस्सा ले रहे हैं और 10 भार वर्गों में मुकाबले चल रहे हैं। लगातार चल रहे मुकाबलों के बीच स्टेडियम में दर्शकों की भारी भीड़ और उत्साह बना हुआ है।