
PARDARSHI VIKASH NEWS Gonda जिले में देर रात गश्त पर निकले दो बाइक सवार सिपाही सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोप है कि तेज रफ्तार कार चला रहे नशे में धुत बैंक मैनेजर ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। दोनों घायलों को इलाज के लिए पहले गोंडा मेडिकल कॉलेज और बाद में Lucknow ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है।घटना करनैलगंज कोतवाली क्षेत्र के गोनवा गांव के पास गुरुवार देर रात करीब 1 बजे हुई। कोतवाली करनैलगंज में तैनात सिपाही हिमांशु प्रजापति और अनिल कुमार गुप्ता चौरी चौराहा की ओर गश्त पर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों सिपाही सड़क पर दूर जा गिरे।राहगीरों की सूचना पर करनैलगंज कोतवाल Narendra Pratap Rai पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घायल सिपाहियों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र करनैलगंज ले जाया गया, जहां अधीक्षक डॉ. अनुज कुमार और फार्मासिस्ट अशोक वर्मा ने प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर होने पर दोनों को गोंडा मेडिकल कॉलेज से लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया।पुलिस ने मौके से ही कार चालक को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान सीसामऊ स्थित State Bank of India शाखा के बैंक मैनेजर राजेश कुमार सिंह के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी शराब के नशे में था और उसका मेडिकल परीक्षण भी कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।