
PARDARSHI VIKASH NEWS गोंडा जिले के पांच परीक्षा केंद्रों पर रविवार को बुंदेलखंड विश्वविद्यालय द्वारा बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा आयोजित की गई। भीषण गर्मी के बावजूद उत्तर प्रदेश और बिहार सहित विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होने पहुंचे।परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों को त्रिस्तरीय सघन जांच के बाद ही प्रवेश दिया गया। किसी भी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस या प्रतिबंधित सामग्री को अंदर ले जाने की अनुमति नहीं थी। अभ्यर्थी केवल प्रवेश पत्र, आधार कार्ड, पेन और आवश्यक नकदी के साथ परीक्षा केंद्र में प्रवेश कर सके।सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी की गई। प्रश्नपत्र अभ्यर्थियों की मौजूदगी में खोले गए और निर्धारित प्रक्रिया के तहत हस्ताक्षर करवाकर वितरित किए गए, ताकि पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके।जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. रामचंद्र ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। परीक्षा में बिहार के अभ्यर्थी भी शामिल हुए। बताया गया कि बिहार में प्रवेश परीक्षा छूट जाने वाले कई अभ्यर्थी उत्तर प्रदेश में बीएड पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए परीक्षा देने पहुंचे हैं।गर्मी को देखते हुए सभी केंद्रों पर पेयजल, बिजली और मेडिकल टीम की व्यवस्था की गई थी। सुरक्षा के लिए प्रत्येक केंद्र पर उपनिरीक्षक, महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई, जो पूरे समय परीक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए रहे।