
PARDARSHI VIKASH NEWS गोंडा में खुद को कभी आईएएस अधिकारी, कभी बेसिक शिक्षा विभाग का सचिव और कभी रॉ एजेंट बताकर युवती से शादी करने तथा उसकी बहनों से ठगी करने के आरोपी संदीप सिंह की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। नगर कोतवाली पुलिस अब आरोपी के पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गई है। पुलिस ने गाजीपुर समेत कई जिलों की पुलिस को पत्र भेजकर उसके आपराधिक इतिहास की जानकारी मांगी है।प्रारंभिक जांच में पता चला है कि संदीप सिंह पहले भी धोखाधड़ी के मामलों में जेल जा चुका है। गाजीपुर पुलिस उसे गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी थी, लेकिन रिहा होने के बाद उसने फिर से लोगों को झांसा देकर ठगी का सिलसिला शुरू कर दिया। आरोपी पिछले पांच दिनों से फरार है और उसका मोबाइल फोन भी बंद है।पीड़ित युवती की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने विवेचक को पीड़िता का विस्तृत बयान दर्ज करने और सभी साक्ष्य जुटाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही युवती की दोनों बहनों से भी पूछताछ की तैयारी की जा रही है।जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी कई जिलों में अलग-अलग पहचान बनाकर लोगों को ठग चुका है। नगर कोतवाल विंदेश्वरी मणि त्रिपाठी ने बताया कि आरोपी के संपर्कों और पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि पीड़िता की मुलाकात आरोपी से किस माध्यम से हुई थी। पुलिस की कई टीमें आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही हैं।