news-details

एसएन मेडिकल कॉलेज के रेडियोलॉजी विभाग में जांच के लिए मरीजों को लंबा इंतजार

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS एसएन मेडिकल कॉलेज के रेडियोलॉजी विभाग में जांच कराने आने वाले मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति यह है कि अल्ट्रासाउंड जांच के लिए मरीजों को लगभग एक महीने बाद की तारीख दी जा रही है, जबकि एमआरआई के लिए 15 से 20 दिन तक इंतजार करना पड़ रहा है। बलगम जांच की रिपोर्ट आने में भी 7 से 8 दिन का समय लग रहा है, जिससे मरीजों की दिक्कतें और बढ़ गई हैं।अस्पताल में रोजाना सैकड़ों मरीज जांच के लिए पहुंच रहे हैं, लेकिन संसाधनों की कमी के चलते प्रतिदिन केवल 60 से 70 अल्ट्रासाउंड ही हो पा रहे हैं। रेडियोलॉजी विभाग में फिलहाल चार अल्ट्रासाउंड मशीनें संचालित हैं, फिर भी बढ़ते दबाव के कारण लंबी वेटिंग बनी हुई है। कई मरीजों को गंभीर स्थिति में भी समय पर जांच नहीं मिल पा रही है, जिससे इलाज में देरी हो रही है।कन्नौज निवासी श्यामबाबू ने बताया कि एक्सीडेंट के बाद सीने में दर्द की शिकायत के चलते डॉक्टर ने उन्हें अल्ट्रासाउंड कराने की सलाह दी थी, लेकिन उन्हें एक महीने बाद की तारीख दी गई। मजबूरी में उन्हें निजी केंद्र से महंगे दाम पर जांच करानी पड़ी। इसी तरह एक महिला तीमारदार ने बताया कि वह सुबह से अस्पताल में इंतजार कर रही थीं, लेकिन मशीन खराब होने की वजह से उन्हें बिना जांच कराए लौटना पड़ा।मरीजों का कहना है कि अस्पताल में जांच व्यवस्था मरीजों की संख्या के अनुपात में नहीं है, जिससे समय पर उपचार प्रभावित हो रहा है। लोगों ने प्रशासन से मशीनों की संख्या बढ़ाने और जांच प्रक्रिया को तेज करने की मांग की है, ताकि मरीजों को समय पर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।