
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। जाजमऊ थाना क्षेत्र के 150 फीट रोड पर हुए सड़क हादसे में बुजुर्ग दंपति की मौत के बाद मामला अब राजनीतिक रूप लेने लगा है। रविवार को कैंट विधानसभा से सपा विधायक हसन रूमी व्यापार मंडल पदाधिकारियों और स्थानीय लोगों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान विधायक ने सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों, अव्यवस्थित ट्रैफिक व्यवस्था और अधूरे निर्माण कार्य को हादसे का जिम्मेदार बताया। उन्होंने मौके पर मौजूद ट्रक चालकों को कड़ी फटकार लगाते हुए चेतावनी दी कि भविष्य में इस तरह की लापरवाही मिलने पर सख्त कार्रवाई कराई जाएगी। विधायक ने कहा कि प्रशासन की अनदेखी और अव्यवस्था के कारण दो निर्दोष लोगों की जान चली गई, जो बेहद गंभीर मामला है।विधायक हसन रूमी ने इस दौरान पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने बताया कि उन्होंने घटना और कार्रवाई की जानकारी लेने के लिए कैंट एसीपी के सीयूजी नंबर पर कई बार संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन फोन रिसीव नहीं किया गया। करीब 45 मिनट तक इंतजार करने के बाद भी कोई जवाब नहीं मिला, जिससे वह बेहद नाराज हैं।उन्होंने कहा कि जब जनप्रतिनिधियों की ही सुनवाई नहीं हो रही है तो आम जनता की शिकायतों का समाधान कैसे होगा। इस पूरे मामले की शिकायत पुलिस कमिश्नर से करने की बात भी उन्होंने कही है।इसके अलावा विधायक ने नमामि गंगे परियोजना के तहत चल रहे निर्माण कार्यों पर भी गंभीर सवाल उठाए। उनका कहना है कि जटेटा कंपनी द्वारा वीटेक कंपनी के माध्यम से किया जा रहा काम तय समय सीमा के बाद भी अधूरा है, जिससे क्षेत्र में लगातार अव्यवस्था बनी हुई है।उन्होंने यह भी याद दिलाया कि करीब तीन महीने पहले बीकेडी चौराहे पर भी इसी तरह की स्थिति को लेकर विरोध दर्ज कराया गया था, उस समय कंपनी ने एक महीने में काम पूरा करने का आश्वासन दिया था, लेकिन अभी तक कोई सुधार नहीं हुआ है।