एनएचएम कर्मियों की हड़ताल पांचवें दिन भी जारी
पारदर्शी विकास न्यूज़ कुशीनगर। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के करीब 900 संविदा स्वास्थ्यकर्मियों की हड़ताल शनिवार को पांचवें दिन भी जारी रही। नियमितीकरण और समान काम के लिए समान वेतन सहित विभिन्न मांगों को लेकर कर्मचारियों ने सीएमओ कार्यालय के सामने धरना दिया। हड़ताल के चलते ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। जिले के 205 आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में कई केंद्रों पर सेवाएं बाधित रहीं। करीब 175 सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) भी हड़ताल में शामिल हैं। कर्मचारियों के कामकाज ठप होने से टीकाकरण, टीबी नियंत्रण कार्यक्रम, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम और विभिन्न जांच सेवाओं पर असर पड़ा है। कई आयुष्मान आरोग्य मंदिरों और एएनएम सेंटरों पर ताले लटकने से मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।हड़ताल कर रहे कर्मचारियों का कहना है कि नियमितीकरण और समान काम के लिए समान वेतन की मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा। पांच दिनों से जारी हड़ताल के कारण स्वास्थ्य विभाग के सामने ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित सेवाएं सुचारु बनाए रखने की चुनौती बढ़ गई है।मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. चंद्र प्रकाश ने बताया कि नियमित कर्मचारियों के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाएं जारी रखने का प्रयास किया जा रहा है। हालांकि, संविदा कर्मियों की अनुपस्थिति से प्रभावित सेवाओं को सामान्य बनाने में दिक्कतें आ रही हैं। अब कर्मचारियों की मांगों पर निर्णय और हड़ताल समाप्त होने का इंतजार है।