news-details

एनएच-931 प्रतिकर भुगतान के लिए डेढ़पसार में विशेष शिविर

You can share this post!


पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। राष्ट्रीय राजमार्ग-931 के चौड़ीकरण से प्रभावित भू-स्वामियों को प्रतिकर भुगतान के लिए 11 सितंबर को ग्राम डेढ़पसार में विशेष संयुक्त शिविर लगाया जाएगा। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ज्योति सिंह ने बताया कि दो-लेन प्लस पेव्ड शोल्डर चौड़ीकरण परियोजना के तहत तहसील अमेठी के 10 गांव प्रभावित हैं। कई गांवों के 50 प्रतिशत से अधिक भू-स्वामियों की भुगतान संबंधी पत्रावलियां प्राप्त नहीं होने से प्रतिकर भुगतान लंबित है।अपर जिलाधिकारी ने बताया कि लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के लिए 11 सितंबर को दोपहर एक बजे शिविर आयोजित होगा। इसमें राजस्व लेखपाल, राजस्व निरीक्षक, तहसीलदार और राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजना के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहेंगे। ज्योति सिंह स्वयं भी शिविर में उपस्थित रहेंगी।प्रभावित भू-स्वामियों से तीन पासपोर्ट आकार के फोटो, तीन रसीदी टिकट, अद्यावधिक प्रमाणित खतौनी, जोत चकबंदी अभिलेख, वर्ष 1359 की खसरा-खतौनी, आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक पासबुक और शपथ-पत्र सहित आवश्यक अभिलेख लेकर पहुंचने की अपील की गई है। प्रशासन का उद्देश्य लंबित प्रतिकर भुगतान पूरा कर राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण कार्य में तेजी लाना है।