news-details

एनआरएचएम घोटाला: पूर्व कांग्रेस विधायक मुकेश श्रीवास्तव गिरफ्तार

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन (एनआरएचएम) से जुड़े कथित वित्तीय अनियमितता और घोटाले के मामले में विजिलेंस टीम ने बुधवार को पूर्व कांग्रेस विधायक मुकेश श्रीवास्तव को गिरफ्तार कर लिया। टीम ने उन्हें लखनऊ के वेव मॉल क्षेत्र से हिरासत में लेकर मेडिकल परीक्षण के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया। गिरफ्तारी के बाद मामले की आगे की जांच तेज कर दी गई है।विजिलेंस जांच में आरोप है कि वर्ष 2014 से 2019 के बीच स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न अनुरक्षण कार्यों में बिना काम कराए या आंशिक कार्य कराकर पूरा भुगतान प्राप्त किया गया। मामले में तत्कालीन मुख्य चिकित्साधिकारी समेत स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारियों और कर्मचारियों को भी आरोपी बनाया गया है।शासन ने वर्ष 2021 में बलरामपुर जिले में एनआरएचएम से जुड़ी वित्तीय अनियमितताओं की शिकायतों पर विजिलेंस जांच के आदेश दिए थे। जांच के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं सामने आने के बाद मुकदमा दर्ज किया गया। एफआईआर में पूर्व विधायक मुकेश श्रीवास्तव सहित आठ लोगों को नामजद किया गया है।जांच में यह भी सामने आया कि कुछ योजनाओं में एक वाहन के स्थान पर तीन वाहनों का खर्च दिखाकर धनराशि निकाली गई। इसके अलावा टेंडर प्रक्रिया का पालन किए बिना कार्य कराने, छपाई संबंधी कार्यों में नियमों की अनदेखी करने तथा चिकित्सा प्रतिपूर्ति भुगतान में कथित रिश्वतखोरी के आरोप भी दर्ज किए गए हैं।विजिलेंस के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2017-18 से 2021-22 के दौरान जिले के स्वास्थ्य संस्थानों में बड़े पैमाने पर अनियमितताओं के साक्ष्य मिले हैं। मामले में कई आरोपी अधिकारी सेवानिवृत्त हो चुके हैं, लेकिन उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई जारी है। विजिलेंस ने कहा है कि जांच के आधार पर आगे भी आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।