
पारदर्शी विकास न्यूज़ वाराणसी। पूर्व सीबीआई निदेशक एम. नागेश्वर राव ने वाराणसी में सर्वजन सनातन पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में सक्रिय राजनीति में प्रवेश की घोषणा की। डॉल्फिन ग्रैंड होटल भेलूपुर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि करीब चार दशक तक सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और प्रशासन के क्षेत्र में काम करने के बाद अब वे अपने अनुभव को समाज और राष्ट्रहित में लगाने के लिए राजनीति में आए हैं। उन्होंने “सत्य सनातन, नित्य नूतन” को अपनी विचारधारा का मूल आधार बताते हुए कहा कि सनातन केवल पूजा-पद्धति नहीं, बल्कि सत्य, धर्म, कर्तव्य, न्याय, करुणा और लोककल्याण की जीवन-दृष्टि है। उन्होंने आधुनिकता, विज्ञान, तकनीक और आर्थिक विकास के साथ भारत की सभ्यता, संस्कृति, इतिहास और ज्ञान परंपराओं से जुड़े रहने की बात कही।राव ने शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका और सभ्यतागत पुनर्जुड़ाव को भारत के पुनर्निर्माण के चार प्रमुख आधार बताया। उन्होंने कहा कि विकास ऐसा होना चाहिए, जिसमें आधुनिकता के साथ देश की सभ्यतागत जड़ें भी मजबूत रहें। प्रेस कॉन्फ्रेंस में पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्रीमहंत तीर्थानंद, उपाध्यक्ष रितु राठौड़, महासचिव राजा सक्षम सिंह योगी, प्रवक्ता बबीता शर्मा, प्रदेश प्रभारी राकेश तिवारी और संगठन मंत्री नरनारायण सिंह मौजूद रहे।