
पारदर्शी विकास ब्यूरो
देवरिया/सलेमपुर। भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) की सलेमपुर शाखा में बुधवार को 70वां स्थापना दिवस समारोह उत्साहपूर्वक मनाया गया। स्थापना दिवस के अवसर पर शाखा कार्यालय को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। कार्यक्रम में अधिकारियों, कर्मचारियों, विकास अधिकारियों और अभिकर्ताओं ने सहभागिता कर निगम की उपलब्धियों को याद किया।
समारोह का शुभारंभ शाखा प्रबंधक आशुतोष पाठक ने दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि एलआईसी ने अपनी स्थापना से लेकर अब तक देश के करोड़ों परिवारों को आर्थिक सुरक्षा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। बदलते समय में ग्राहकों की आवश्यकताओं के अनुरूप सेवाओं में निरंतर सुधार किया जा रहा है। ग्राहकों का विश्वास निगम की सबसे बड़ी पूंजी है और उसे बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।
सहायक शाखा प्रबंधक विमल पाण्डेय ने कहा कि एलआईसी का उद्देश्य सिर्फ बीमा योजनाएं उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि लोगों के भविष्य को सुरक्षित करना और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना भी है। उन्होंने कर्मचारियों और अभिकर्ताओं से ग्राहकों को बेहतर सेवा देने तथा ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों तक बीमा के महत्व की जानकारी पहुंचाने का आह्वान किया।
समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों और अभिकर्ताओं को सम्मानित किया गया। सम्मान मिलने पर कर्मचारियों और अभिकर्ताओं में उत्साह नजर आया। उपस्थित लोगों ने निगम की उपलब्धियों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए एलआईसी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस दौरान विवेक यादव, नितिन दवे, मुन्ना तिवारी, विकास गुप्ता, प्रशांत रावत, दिनेश कुशवाहा, जितेन्द्र कुमार, रजक, आर्यन कुमार, सतीश पांडेय, अजीत पटेल, प्रियंका सिंह, रिंपी तिवारी, पुष्पेंद्र तिवारी, मानवेन्द्र सिंह, देवानंद मिश्रा, आकाश कुशवाहा, प्रमोद कुशवाहा, धर्मेंद्र कुमार और रूपा उपाध्याय समेत शाखा के अधिकारी, कर्मचारी, विकास अधिकारी, अभिकर्ता और अन्य लोग मौजूद रहे।