
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। जवाहर नगर स्थित ओंकारेश्वर सरस्वती विद्या निकेतन इंटर कॉलेज में एकल अभियान द्वारा आयोजित सात दिवसीय सम्भाग स्तरीय नैपुण्य वर्ग का बुधवार को शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन, पुष्पार्चन और सरस्वती वंदना के साथ की गई। प्रशिक्षण वर्ग में दक्षिण उत्तर प्रदेश, पूर्वी उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए करीब 70 कार्यकर्ता एवं समिति सदस्य भाग ले रहे हैं। इस दौरान उन्हें प्राथमिक शिक्षा को अधिक प्रभावी बनाने, संगठनात्मक कार्यों और समाज जागरण से जुड़े विषयों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा। उद्घाटन सत्र में वक्ताओं ने एकल अभियान की विकास यात्रा पर प्रकाश डालते हुए बताया कि एक छोटे प्रयास के रूप में शुरू हुआ यह अभियान आज देश के एक लाख से अधिक गांवों तक पहुंच चुका है। उन्होंने कहा कि संगठन की इस सफलता के पीछे कार्यकर्ताओं का समर्पण और निरंतर सेवा भाव प्रमुख कारण है। प्रशिक्षण के दौरान प्रेरणादायक कहानियों और संवाद के माध्यम से कार्यकर्ताओं को संगठन की कार्यपद्धति, जिम्मेदारियों और समाज में उनकी भूमिका के बारे में जानकारी दी गई। वक्ताओं ने कहा कि किसी भी बड़े संगठन की सफलता में प्रत्येक कार्यकर्ता की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। कार्यक्रम में संस्कारयुक्त शिक्षा पर विशेष जोर दिया गया। पदाधिकारियों ने बताया कि एकल विद्यालयों का उद्देश्य केवल बच्चों को शैक्षिक ज्ञान देना नहीं, बल्कि उनमें नैतिक मूल्यों, सामाजिक जिम्मेदारियों और संस्कारों का विकास करना भी है। उन्होंने कहा कि संस्कारित शिक्षा के माध्यम से ही सशक्त समाज और राष्ट्र का निर्माण संभव है।