news-details

एक दर्जन से अधिक मंत्री, सांसद और विधायक पहुंचे; 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर दिखाई एकजुटता

You can share this post!

गौरीगंज में भाजपा का शक्ति प्रदर्शन, सपा के तीन बागी विधायक पार्टी में शामिल

विजय भारती/दिलीप कुमार
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी।
भारतीय जनता पार्टी ने बुधवार को गौरीगंज में सदस्यता ग्रहण समारोह आयोजित कर समाजवादी पार्टी के तीन विधायकों को पार्टी में शामिल किया। गौरीगंज विधायक राकेश प्रताप सिंह, कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी और गोसाईंगंज विधायक अभय सिंह ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। समारोह में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं, मंत्रियों, सांसदों और विधायकों की मौजूदगी रही। कार्यक्रम के दौरान वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश में दोबारा सरकार बनाने का संकल्प भी व्यक्त किया गया।समारोह में भाजपा की राष्ट्रीय महामंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, पूर्व केंद्रीय मंत्री संजीव कुमार बालियान, राज्यसभा सदस्य अमरपाल मौर्य, संगठन महामंत्री भोला सिंह, कैबिनेट मंत्री राजा मयंकेश्वर शरण सिंह, मंत्री दारा सिंह चौहान, दिनेश सिंह और दयाशंकर सिंह सहित कई नेता शामिल हुए। विधायक पूजा पाल, सुरेश पासी, अशोक सरोज तथा विधान परिषद सदस्य गोविंद नारायण शुक्ला, पवन चौहान और राजेश अग्रहरि भी मौजूद रहे। भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ला सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता समारोह में पहुंचे।समारोह की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार के बीच अतिथियों के स्वागत से हुई। नेताओं को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ला ने पार्टी में शामिल होने वाले नेताओं का स्वागत करते हुए कहा कि सदस्यता अभियान के माध्यम से बड़ी संख्या में लोग संगठन से जुड़ रहे हैं।पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा कि काशी, अवध और बुंदेलखंड की राजनीतिक ताकत एक साथ आई है। उन्होंने तीनों विधायकों के भाजपा में शामिल होने को पार्टी के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए चुनाव आयोग और लोकतांत्रिक संस्थाओं को लेकर विपक्ष की भूमिका पर सवाल उठाए। स्मृति ईरानी ने कहा कि भाजपा का उद्देश्य समाज को एकजुट रखना और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखना है। उन्होंने अमेठी में अपने कार्यकाल के दौरान खाद, बिजली और औद्योगिक विकास से जुड़े मुद्दों का भी उल्लेख किया।भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि अमेठी और रायबरेली किसी राजनीतिक दल की जागीर नहीं हैं। यहां की जनता अपने विवेक से निर्णय लेती है। उन्होंने तीन विधायकों के भाजपा में शामिल होने को संगठन की मजबूती की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार विकास कार्यों को गति दे रही है और पार्टी का लक्ष्य जनता के विश्वास को मजबूत करना है। उन्होंने 2027 में प्रदेश में फिर से भाजपा की सरकार बनने का भरोसा जताया।भाजपा में शामिल हुए कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी ने कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व तथा भाजपा की नीतियों से प्रभावित होकर पार्टी में आए हैं। उन्होंने राम मंदिर के उद्घाटन के बाद अयोध्या जाने से जुड़े मुद्दे का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे उनकी आस्था आहत हुई थी।गोसाईंगंज विधायक अभय सिंह ने आरोप लगाया कि भगवान राम और सनातन संस्कृति से जुड़े मुद्दों पर समाजवादी पार्टी नेतृत्व का रुख उन्हें स्वीकार नहीं था। उन्होंने रामचरितमानस की प्रतियां जलाए जाने के मामले में भी पार्टी नेतृत्व पर चुप्पी साधने का आरोप लगाया। ये बातें दोनों विधायकों ने अपने संबोधन में कहीं।गौरीगंज विधायक राकेश प्रताप सिंह ने कहा कि उनका राजनीतिक सफर ग्राम प्रधान से शुरू होकर विधायक तक पहुंचा है। उन्होंने क्षेत्र की जनता के प्रति आभार जताते हुए कहा कि वह आगे भी जनता की सेवा करते रहेंगे। उन्होंने भाजपा के सदस्यता अभियान को आगे बढ़ाने और अधिक से अधिक लोगों को संगठन से जोड़ने की बात कही। उन्होंने कहा कि पार्टी जिसे भी टिकट देगी, उसे जिताने के लिए काम करेंगे।सदस्यता ग्रहण समारोह में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक पहुंचे। भीड़ और वाहनों की लंबी कतारों के चलते गौरीगंज में लगभग पांच घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। यातायात पुलिस को भीड़ और वाहनों को नियंत्रित करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।समारोह में भाजपा नेताओं ने संगठन के विस्तार और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर जोर दिया। तीन विधायकों के पार्टी में शामिल होने के बाद जिले और प्रदेश की राजनीति में इस घटनाक्रम को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।



अमेठी-रायबरेली किसी की जागीर नहीं: पंकज चौधरी
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि अमेठी और रायबरेली किसी राजनीतिक दल की जागीर नहीं हैं। यहां की जनता अपने विवेक से निर्णय लेती है। उन्होंने तीन विधायकों के भाजपा में शामिल होने को संगठन की मजबूती की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार विकास कार्यों को गति दे रही है और पार्टी का लक्ष्य जनता के विश्वास को मजबूत करना है। उन्होंने 2027 में प्रदेश में फिर से भाजपा की सरकार बनने का भरोसा जताया।



स्मृति ईरानी ने विपक्ष पर साधा निशाना
पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा कि काशी, अवध और बुंदेलखंड की राजनीतिक ताकत एक साथ आई है। उन्होंने तीनों विधायकों के भाजपा में शामिल होने को पार्टी के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए चुनाव आयोग और लोकतांत्रिक संस्थाओं को लेकर विपक्ष की भूमिका पर सवाल उठाए। स्मृति ईरानी ने कहा कि भाजपा का उद्देश्य समाज को एकजुट रखना और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखना है। उन्होंने अमेठी में अपने कार्यकाल के दौरान खाद, बिजली और औद्योगिक विकास से जुड़े मुद्दों का भी उल्लेख किया।