
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर सुबेहा थाना क्षेत्र में शनिवार रात करीब 1:30 बजे तेज रफ्तार रोडवेज बस आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। हादसे में बस चालक समेत 27 यात्री घायल हो गए, जबकि छह की हालत गंभीर बताई गई है। गंभीर घायलों को मेडिकल कॉलेज तिलोई रेफर किया गया।आजमगढ़ से लखनऊ जा रही बस में करीब 50 यात्री सवार थे। टक्कर के बाद ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया और बस में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर एक्सप्रेसवे सुरक्षाकर्मी मौके पर पहुंचे और घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी बाजार शुकुल पहुंचाया।16 घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। यात्री दिलशाद के मुताबिक, हादसे के समय चालक को झपकी आने की आशंका है।