
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। नगर पंचायत अमेठी के सुल्तानपुर रोड पर करीब एक करोड़ रुपये की लागत से बन रहे नाले की गुणवत्ता पर स्थानीय व्यापारियों ने सवाल उठाए हैं। तेज बारिश और जलभराव के बीच निर्माण कार्य कराए जाने पर भी आपत्ति जताई गई है। व्यापारियों ने नाले की तकनीकी जांच कराने की मांग की है।स्थानीय व्यापारियों का आरोप है कि निर्माण में इस्तेमाल की जा रही बालू और सीमेंट की गुणवत्ता मानक के अनुरूप नहीं है। साथ ही, निर्धारित मात्रा से कम और पुरानी सरिया लगाए जाने की बात भी कही गई है। व्यापारियों के मुताबिक, नाले की ऊंचाई और गहराई भी अलग-अलग दिखाई दे रही है, जिससे जल निकासी को लेकर चिंता है।व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष महेश सोनी ने बताया कि निर्माण कार्य की शिकायत पहले जिलाधिकारी और एसडीएम से की जा चुकी है। व्यापारियों ने निर्माण सामग्री, सरिया, एस्टीमेट और जल निकासी व्यवस्था की निष्पक्ष जांच की मांग की है।नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी डॉ. शिवमूर्ति ने बताया कि नगर पंचायत के नए और पुराने निर्माण कार्यों की जांच के लिए टीम गठित है। लोक निर्माण विभाग के प्रांतीय खंड के सहायक अभियंता प्रीतम सिंह सोमवार को नाले का स्थलीय निरीक्षण करेंगे। वित्तीय जांच के लिए भी संबंधित अधिकारी को दस्तावेज उपलब्ध करा दिए गए हैं।