
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के तहत रविवार को छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय के लेक्चर हॉल-1 में लाभार्थी शिक्षकों को कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित किए गए। योजना के अंतर्गत जनपद के एक हजार से अधिक शिक्षकों को लाभ मिलेगा। पात्र शिक्षकों एवं उनके परिवारजनों को सूचीबद्ध निजी अस्पतालों में पांच लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा मिलेगी, जबकि सरकारी अस्पतालों में उपचार की राशि पर कोई सीमा नहीं होगी। कार्यक्रम में 54 शिक्षकों को कैशलेस चिकित्सा कार्ड प्रदान किए गए। कार्यक्रम का शुभारंभ कल्याणपुर विधायक नीलिमा कटियार, गोविंद नगर विधायक सुरेंद्र मैथानी, बिल्हौर विधायक राहुल बच्चा, घाटमपुर विधायक सरोज कुरील, विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक, अपर जिलाधिकारी नगर आलोक कुमार, जिला विकास अधिकारी एपी रस्तोगी तथा उच्च शिक्षा विभाग की नोडल अधिकारी प्रो. अपर्णा सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों ने योजना को शिक्षकों और उनके परिवारों की स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। वक्ताओं ने कहा कि इससे शिक्षकों को गंभीर बीमारी के दौरान बेहतर उपचार और आर्थिक राहत मिलेगी। कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र निर्माण की आधारशिला हैं, इसलिए उनके स्वास्थ्य की सुरक्षा अत्यंत आवश्यक है। कार्यक्रम का आयोजन उच्च शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।