
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। जिलाधिकारी शशांक चौधरी ने सोमवार को भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) डिपो पीईजी गोदाम, जामों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने गोदाम में भंडारित गेहूं-चावल की गुणवत्ता, नमी, स्टॉक, लोडिंग-अनलोडिंग और रखरखाव की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण में खाद्यान्न की गुणवत्ता संतोषजनक रखने के निर्देश दिए गए।अग्नि सुरक्षा व्यवस्था की जांच में मौके पर फायर एक्सटिंग्विशर उपलब्ध नहीं मिले। गोदाम प्रभारी ने बताया कि कुछ उपकरण रिफिलिंग के लिए भेजे गए हैं। वहीं फायर अलार्म सिस्टम भी बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण काम नहीं कर रहा था। डीएम ने नाराजगी जताते हुए सोलर सिस्टम या बैटरी बैकअप वाला फायर अलार्म लगवाने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर गेहूं के दाने जमीन पर बिखरे और कुछ बोरियां फटी मिलीं। डीएम ने क्षतिग्रस्त बोरियां तत्काल बदलने और नई बोरियों की उपलब्धता के लिए शासन को प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने साफ-सफाई और नियमित निगरानी पर भी जोर दिया। गोदाम की भंडारण क्षमता करीब 20 हजार मीट्रिक टन बताई गई।