
पारदर्शी विकास ब्यूरो
कसया, कुशीनगर। डोल मेले को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए कसया पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं। बुधवार को थाना परिसर में क्षेत्राधिकारी कसया डॉ. अजय कुमार सिंह ने मेला आयोजकों और डीजे संचालकों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।पुलिस अधीक्षक कुशीनगर केशव कुमार के निर्देशन में आयोजित गोष्ठी में क्षेत्राधिकारी ने कहा कि मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और लोगों की भीड़ जुटती है। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन को लेकर आयोजकों को विशेष सतर्कता बरतनी होगी। उन्होंने मेला स्थल पर सुरक्षा मानकों का पालन करने तथा भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।डीजे संचालकों को ध्वनि प्रदूषण से जुड़े निर्धारित नियमों का कड़ाई से पालन करने को कहा गया। निर्धारित मानकों से अधिक ध्वनि में डीजे बजाने से बचने और मेले के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने की हिदायत दी गई।क्षेत्राधिकारी ने आयोजकों से कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा अप्रिय स्थिति की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। पुलिस और प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर मेले को सकुशल संपन्न कराने में सहयोग करें।उन्होंने कहा कि पुलिस की प्राथमिकता मेले के दौरान अमन-चैन और कानून-व्यवस्था बनाए रखना है। किसी भी तरह की अराजकता या नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। बैठक में पुलिसकर्मियों के साथ मेला आयोजक और डीजे संचालक मौजूद रहे।