डीएम ने खेत में काटा धान, एक डिसमिल में निकली 37 किलो उपज
पारदर्शी विकास न्यूज़, पडरौना (कुशीनगर)। जिलाधिकारी संजय चौहान ने मंगलवार को परसौनी कला गांव में खेत में उतरकर अपने हाथों से धान की कटाई की और क्रॉप कटिंग प्रयोग की शुरुआत कराई। निर्धारित मानकों के अनुसार एक डिसमिल भूमि में 37 किलो 70 ग्राम धान की उपज प्राप्त हुई। अच्छी पैदावार पर किसान रामतेज यादव को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान कृषि विभाग की ओर से किसानों को निःशुल्क सरसों के बीज भी वितरित किए गए।डीएम ने किसान से धान की प्रजाति, बीज और खेती के तौर-तरीकों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि क्रॉप कटिंग से प्राप्त आंकड़े फसल की वास्तविक उत्पादकता के आकलन और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत क्षतिपूर्ति निर्धारण में महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने अधिकारियों को पारदर्शिता के साथ निर्धारित समयसीमा में प्रयोग पूरा कर रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए।कार्यक्रम में रामजी यादव, सुभाष, घनश्याम, अखिलेश, शारदा नारायण, रामदेव, मीनाक्षी, जनार्दन, चंद्रिका और शारदा सहित अन्य किसानों को सरसों के निःशुल्क बीज वितरित किए गए। इस अवसर पर एसडीएम पडरौना, उप कृषि निदेशक, अपर सांख्यिकी अधिकारी मनोज कुमार मिश्रा सहित राजस्व एवं कृषि विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।