
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी।
जिलाधिकारी शशांक चौधरी ने गुरुवार को वृहद गो संरक्षण केंद्र रोहसी बुजुर्ग और कान्हा गौशाला चौहनापुर का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने संरक्षित गोवंशों की स्थिति, चारा-पानी, उपचार व्यवस्था और अभिलेखों की जांच की। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. जीके शुक्ला ने बताया कि रोहसी बुजुर्ग में 410 और चौहनापुर में 158 गोवंश संरक्षित हैं। डीएम ने निर्देश दिए कि गोवंशों के लिए हरा चारा, भूसा, पशु आहार और स्वच्छ पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था रहे। बीमार गोवंशों के लिए अलग स्थान चिन्हित कर नियमित उपचार और निगरानी सुनिश्चित करने को कहा। मृत गोवंशों के व्यवस्थित निस्तारण के लिए अलग भूमि चिन्हित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने केयरटेकरों की उपस्थिति और मानदेय भुगतान की भी समीक्षा की। स्टॉक पंजिका सहित सभी अभिलेख अद्यतन रखने को कहा। रोहसी बुजुर्ग गौशाला को मॉडल गौशाला के रूप में विकसित करने की कार्ययोजना बनाने के निर्देश भी दिए गए। बारिश को देखते हुए साफ-सफाई और जलभराव रोकने पर विशेष जोर दिया गया।