
PARDARSHI VIKASH NEWS उन्नाव में जिलाधिकारी घनश्याम मीना की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में उद्योग बंधु की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में उद्योगों से जुड़े बिजली, पानी, सड़क मरम्मत, जल निकासी, नाला निर्माण और अतिक्रमण जैसे मुद्दों पर चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।बैठक के दौरान कनिष्ठ आयरन प्राइवेट लिमिटेड के क्षतिग्रस्त मार्ग के चौड़ीकरण, डामरीकरण और नाले की मरम्मत के मामले की समीक्षा की गई। इस प्रकरण में अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत की अनुपस्थिति पर जिलाधिकारी ने उनका वेतन अगले आदेश तक रोकने के निर्देश दिए। आईआईए से जुड़े नाला निर्माण प्रकरण में लोक निर्माण विभाग को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया, जबकि दयालखेड़ा मार्ग की मरम्मत और नाली निर्माण को प्राथमिकता पर पूरा करने के निर्देश दिए गए।सीएलई इकाई से संबंधित मामले में कानपुर-लखनऊ हाईवे से प्रशिक्षण केंद्र तक सड़क निर्माण के लिए अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी को कार्रवाई के निर्देश दिए गए। वहीं एचपी गैस प्लांट के बाहर सड़क पर गैस टैंकर खड़े होने से हो रही परेशानी पर डीएम ने नाराजगी जताई और सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी को अधिक से अधिक चालान करने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि दुर्घटना होने पर संबंधित के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा।औद्योगिक क्षेत्र दही चौकी साइड-2 में जल निकासी न होने से सड़क क्षतिग्रस्त होने के मामले में डीएम ने यूपीसीड़ा के क्षेत्रीय प्रबंधक को फटकार लगाई और वर्षा से पहले सफाई व मरम्मत कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए। साथ ही निवेश मित्र पोर्टल पर लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के भी निर्देश दिए गए। बैठक में भूमि विनिमय, नाला सफाई, अतिक्रमण हटाने और अग्नि सुरक्षा के लिए पानी की टंकी निर्माण जैसे अन्य मुद्दों पर भी चर्चा हुई। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी कृति राज समेत कई अधिकारी और औद्योगिक प्रतिष्ठानों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।