news-details

डीएम-एसपी ने जगदीशपुर औद्योगिक क्षेत्र का किया निरीक्षण

You can share this post!


पारदर्शी  विकास न्यूज़  अमेठी। औद्योगिक विकास, श्रमिक कल्याण और जनसुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी संजय चौहान एवं पुलिस अधीक्षक सरवणन टी ने सोमवार को औद्योगिक क्षेत्र जगदीशपुर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने यूपीसीडा के सामान्य सुविधा केंद्र (सीएफसी), श्रमिक सुविधा केंद्र, यातायात व्यवस्था और श्रावण मास के दौरान धार्मिक स्थलों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण में सीएफसी परिसर स्थित फील्ड हॉस्टल भवन जर्जर स्थिति में मिला। डीएम ने अधिकारियों को तत्काल मरम्मत एवं सुदृढ़ीकरण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का बेहतर रखरखाव सुनिश्चित किया जाए, जिससे उद्यमियों और श्रमिकों को सुविधा मिल सके। इसके बाद डीएम ने अधिकारियों एवं औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर सीएफसी के जीर्णोद्धार और आधुनिक सुविधाओं के विकास की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने श्रमिक सुविधा केंद्र में स्वच्छ पेयजल, पंखे, टीवी सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा। डीएम-एसपी ने संजय गांधी पॉलिटेक्निक चौराहे पर यातायात व्यवस्था का भी निरीक्षण किया और दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए। श्रावण मास के प्रथम सोमवार पर दोनों अधिकारियों ने डंडेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और जलाभिषेक कर जनपदवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।