news-details

डीबीएस कॉलेज और पालीवाल पैथोलॉजी में एमओयू!

You can share this post!

किताबी ज्ञान से लैब तक, डीबीएस छात्रों के लिए खुलेंगे नए अवसर!



पारदर्शी विकास न्यूज़, कानपुर। डीबीएस कॉलेज, गोविंद नगर के प्राणी विज्ञान विभाग की ओर से मंगलवार को विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों के अंतर्गत अतिथि व्याख्यान, पोस्टर-मॉडल एवं प्रस्तुतीकरण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को प्रयोगशाला आधारित व्यावहारिक ज्ञान और प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कॉलेज तथा पालीवाल पैथोलॉजी के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) भी संपन्न हुआ।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं वक्ता के रूप में सीएसजेएम विश्वविद्यालय, कानपुर की प्राणी विज्ञान विषय की कन्वीनर प्रो. संगीता अवस्थी उपस्थित रहीं। उन्होंने “Climate Change and Infectious Diseases: Understanding the Changing Ecology of Pathogens, Hosts and Vectors” विषय पर व्याख्यान देते हुए बताया कि जलवायु परिवर्तन से रोगजनकों, परपोषियों और रोगवाहकों की पारिस्थितिकी में बदलाव आ रहे हैं, जिसका प्रभाव संक्रामक रोगों के प्रसार पर भी पड़ता है। उन्होंने विद्यार्थियों को पर्यावरणीय बदलाव और जनस्वास्थ्य के बीच संबंधों को वैज्ञानिक दृष्टिकोण से समझने के लिए प्रेरित किया।इस दौरान आयोजित पोस्टर, मॉडल एवं प्रस्तुतीकरण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने जैविक, पर्यावरणीय और वैज्ञानिक विषयों पर अपने विचारों को आकर्षक पोस्टर एवं मॉडल के माध्यम से प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक अभिरुचि, रचनात्मकता, नवाचार और प्रस्तुतीकरण कौशल को बढ़ावा देना रहा।कार्यक्रम का महत्वपूर्ण आकर्षण डीबीएस कॉलेज और पालीवाल पैथोलॉजी के बीच शैक्षणिक गतिविधियों के संचालन एवं संवर्धन के लिए हुआ एमओयू रहा। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को प्रयोगशाला आधारित ज्ञान, शैक्षणिक प्रशिक्षण, विशेषज्ञ व्याख्यान और कार्यशालाओं के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। इससे विद्यार्थियों को सैद्धांतिक शिक्षा के साथ व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करने में मदद मिलेगी। इस समझौते में पालीवाल पैथोलॉजी के संचालक डॉ. उमेश पालीवाल तथा कॉलेज के प्राणी विज्ञान विभाग की प्रो. इंद्राणी दुबे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।कार्यक्रम में कॉलेज के प्राचार्य प्रो. अनिल कुमार मिश्रा, प्राणी विज्ञान विभाग की प्रोफेसर इंचार्ज प्रो. इंद्राणी दुबे, आयोजन सचिव डॉ. अनुपम दुबे, प्रो. अभिनव श्रीवास्तव एवं डॉ. आलोक कुमार श्रीवास्तव सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे। आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को नवीन वैज्ञानिक विषयों से जुड़ने और अकादमिक ज्ञान के साथ व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करने का अवसर मिला।
 




डीबीएस कॉलेज और पालीवाल पैथोलॉजी के बीच हुआ एमओयू विद्यार्थियों के शैक्षणिक एवं व्यावहारिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इसके माध्यम से छात्र-छात्राओं को प्रयोगशाला आधारित प्रशिक्षण, विशेषज्ञों का मार्गदर्शन और व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करने के अवसर मिलेंगे। हमारा प्रयास है कि विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ-साथ कार्यक्षेत्र से जुड़ी जानकारी भी मिले, जिससे वे भविष्य में बेहतर अवसरों के लिए तैयार हो सकें।
प्रो. इंद्राणी दुबे,प्रोफेसर इंचार्ज, प्राणी विज्ञान विभाग, डीबीएस कॉलेज



डीबीएस कॉलेज के साथ शैक्षणिक समझौता विद्यार्थियों को व्यावहारिक और प्रयोगशाला आधारित ज्ञान उपलब्ध कराने का अच्छा अवसर है। हमारा प्रयास रहेगा कि विद्यार्थियों को पैथोलॉजी एवं जांच से जुड़ी तकनीकी जानकारियां विशेषज्ञों के माध्यम से समझने का अवसर मिले। इस सहयोग के तहत प्रशिक्षण, विशेषज्ञ व्याख्यान और अन्य शैक्षणिक गतिविधियों में सहभागिता की जाएगी। इससे विद्यार्थियों के ज्ञान और कौशल को विकसित करने में मदद मिलेगी।
डॉ. उमेश पालीवाल,संचालक, पालीवाल पैथोलॉजी


जलवायु परिवर्तन का प्रभाव केवल पर्यावरण तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका सीधा संबंध मानव स्वास्थ्य और संक्रामक रोगों से भी है। रोगजनकों, परपोषियों और रोगवाहकों की बदलती पारिस्थितिकी को समझना आज के समय में बेहद आवश्यक है। विद्यार्थियों को वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाते हुए पर्यावरण और जनस्वास्थ्य के संबंधों का अध्ययन करना चाहिए। ऐसे व्याख्यान उनके ज्ञान को बढ़ाने और शोध के प्रति रुचि विकसित करने में सहायक होते हैं।
प्रो. संगीता अवस्थी,कन्वीनर, प्राणी विज्ञान विषय, सीएसजेएम विश्वविद्यालय, कानपुर