
PARDARSHI VIKASH NEWS उन्नाव के सदर कोतवाली क्षेत्र के शेखपुर नहर गांव में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में छत से गिरकर मौत हो गई। घटना बुधवार रात की बताई जा रही है, जबकि गुरुवार सुबह परिजनों को इसकी जानकारी हुई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।जानकारी के अनुसार गांव निवासी पिंकी बुधवार रात घर की छत पर थी। परिजनों का कहना है कि महिला ने शराब पी रखी थी। आशंका जताई जा रही है कि नशे की हालत में संतुलन बिगड़ने के कारण वह छत से नीचे गिर गई। रात में किसी को घटना की भनक नहीं लगी।गुरुवार सुबह जब परिवार के लोग जागे तो उन्होंने पिंकी को घर के बाहर जमीन पर मृत अवस्था में पड़ा देखा। यह दृश्य देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण भी मौके पर एकत्र हो गए। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।सूचना मिलते ही सदर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया। पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।कोतवाली प्रभारी सीके मिश्रा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला छत से गिरने का प्रतीत हो रहा है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और परिजनों से पूछताछ भी की जा रही है।