news-details

छात्रवृत्ति से विद्यार्थियों के सपनों को मिलेगी उड़ान

You can share this post!

 

सीएम के डीबीटी कार्यक्रम का पडरौना में हुआ लाइव प्रसारण, विद्यार्थियों को बांटे प्रमाण पत्र

पडरौना, कुशीनगर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा प्रदेश के छात्र-छात्राओं के खातों में डीबीटी के माध्यम से छात्रवृत्ति की धनराशि अंतरित किए जाने के कार्यक्रम का शुक्रवार को पडरौना स्थित भारतीय इंटरमीडिएट कॉलेज में लाइव प्रसारण किया गया। इस अवसर पर आयोजित समारोह में छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति के प्रमाण पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम में विद्यार्थियों के साथ विद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी एवं अभिभावक मौजूद रहे।समारोह के मुख्य अतिथि सदर विधायक मनीष जायसवाल ने कहा कि आज के विद्यार्थी ही वर्ष 2047 के विकसित भारत की बागडोर संभालेंगे। विद्यार्थियों के सपनों, प्रतिभा और क्षमता को सही दिशा देने में शिक्षा की महत्वपूर्ण भूमिका है। सरकार छात्रवृत्ति जैसी योजनाओं के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को आगे बढ़ने का अवसर उपलब्ध करा रही है। इससे विद्यार्थी आर्थिक कठिनाइयों की चिंता किए बिना अपनी पढ़ाई जारी रख सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से पूरी निष्ठा, अनुशासन और लगन के साथ अध्ययन कर देश के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विद्यालय के प्रबंध निदेशक एनपी कुशवाहा ने कहा कि शिक्षा केवल आर्थिक और सामाजिक विकास का माध्यम नहीं, बल्कि योग्य, संस्कारवान और राष्ट्र के प्रति समर्पित नागरिकों के निर्माण का आधार भी है। विद्यार्थी देश का भविष्य हैं और उनके व्यक्तित्व निर्माण में विद्यालय, शिक्षक एवं अभिभावकों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि छात्रवृत्ति आर्थिक सहयोग के साथ विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ाने का भी काम करती है। उन्होंने विद्यार्थियों से लक्ष्य निर्धारित कर अनुशासन एवं परिश्रम के साथ आगे बढ़ने की अपील की।समारोह के दौरान छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति के प्रमाण पत्र वितरित किए गए। प्रमाण पत्र प्राप्त करते समय विद्यार्थियों में उत्साह दिखाई दिया। वक्ताओं ने कहा कि छात्रवृत्ति योजना का उद्देश्य पात्र विद्यार्थियों को आर्थिक सहायता देकर उन्हें शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़े रखना है।कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारी शत्रुघ्न जायसवाल एवं विशाल शुक्ला ने अतिथियों का स्वागत किया। अतिथियों को शॉल, बुके एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। संचालन विद्यालय के प्रवक्ता आरके भट्ट एवं इब्राहिम अंसारी ने संयुक्त रूप से किया।समाज कल्याण विभाग के तत्वावधान में आयोजित समारोह में जिला समाज कल्याण अधिकारी रामाशंकर यादव, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी भरत लाल गोंड, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज पडरौना के प्रधानाचार्य रामस्वरूप गुप्त, विद्यालय के प्रवक्ता उमाकांत गुप्त, अशोक कुमार पांडेय, अंकुर मिश्रा, वेद प्रकाश दुबे, प्रमोद कुशवाहा, कन्हैया कुशवाहा, डीएन राव, आंचल, संध्या विश्वकर्मा, सौम्या जायसवाल, सीमा शुक्ला, माधवी द्विवेदी, वीरेंद्र दुबे, मंटू अली, संदीप कुशवाहा, सच्चिदानंद कुशवाहा, राजू कुशवाहा, सुभाष यादव, सोनू तिवारी एवं घनश्याम मोदनवाल सहित विद्यालय परिवार के सदस्य एवं सैकड़ों छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।