
पारदर्शी विकास न्यूज़ कुशीनगर। वित्तीय वर्ष 2026-27 में कक्षा नौ से 12 तक के विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति का लाभ दिलाने के लिए संशोधित समय-सारिणी जारी की गई है। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, सामान्य, पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक वर्ग के विद्यार्थियों के लिए पूर्वदशम एवं दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजनाओं के तहत आवेदन, सत्यापन और अग्रसारण की तिथियां निर्धारित की गई हैं।जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी सुयश कुमार दुबे ने बताया कि विद्यालयों को मास्टर डाटा तैयार करने के लिए नौ अक्टूबर और जिला विद्यालय निरीक्षक को सत्यापन के लिए 11 अक्टूबर तक का समय दिया गया है। नवीनीकरण श्रेणी के विद्यार्थियों को 15 अक्टूबर तक आवेदन नवीनीकृत कर हार्डकॉपी संबंधित संस्थान में जमा करनी होगी। नए विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण और आवेदन की अंतिम तिथि 17 अक्टूबर निर्धारित है।विद्यालयों को नवीनीकरण आवेदन का सत्यापन एवं अग्रसारण 20 अक्टूबर तक तथा नए विद्यार्थियों के आवेदन का सत्यापन 26 अक्टूबर तक पूरा करना होगा। जनपदीय समिति 28 अक्टूबर तक डाटा लॉक करेगी। इसके बाद शुद्ध एवं संदिग्ध डाटा लॉक करने की प्रक्रिया 16 नवंबर 2026 से 15 जनवरी 2027 तक चलेगी।जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी ने विद्यालयों और छात्रवृत्ति नोडल अधिकारियों को योजनाओं का प्रचार-प्रसार करने तथा निर्धारित समय-सीमा में सभी प्रक्रियाएं पूरी कराने के निर्देश दिए हैं, ताकि पात्र विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति का लाभ मिल सके।