
डीएम-एसपी ने विद्यालय पहुंचकर सुनी समस्याएं
पारदर्शी विकास न्यूज़ उन्नाव। छात्रों के आंदोलन के बाद प्रशासन ने विद्यालयों की व्यवस्थाओं को लेकर गंभीरता दिखाई है। गुरुवार को जिलाधिकारी घनश्याम मीणा और पुलिस अधीक्षक जयप्रकाश सिंह ने फतेहपुर चौरासी स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने छात्रों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और पढ़ाई, हॉस्टल, भोजन, साफ-सफाई, सुरक्षा सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली। डीएम और एसपी ने छात्रों को अपनी समस्याएं खुलकर बताने के लिए कहा, ताकि उनका समय से समाधान कराया जा सके।
भोजन की गुणवत्ता भी परखी
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विद्यालय परिसर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और छात्रों को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता भी परखी। संबंधित कर्मचारियों से भोजन व्यवस्था, साफ-सफाई और अन्य सुविधाओं की जानकारी ली गई। डीएम ने विद्यालय प्रबंधन को छात्रों की मूलभूत सुविधाओं में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने और समस्याओं को प्राथमिकता से दूर करने के निर्देश दिए।
आंदोलन के बाद पहुंचे अधिकारी
गौरतलब है कि बुधवार को न्योतनी स्थित जय प्रकाश नारायण सर्वोदय आवासीय विद्यालय के छात्र विभिन्न समस्याओं को लेकर सड़क पर उतर आए थे। प्रदर्शन की जानकारी मिलने पर प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे थे। अधिकारियों ने छात्रों से बातचीत कर समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया, जिसके बाद आंदोलन समाप्त हुआ।
समस्याओं की होगी जांच
अगले ही दिन डीएम और एसपी के विद्यालय पहुंचने से प्रशासन की गंभीरता सामने आई। अधिकारियों ने छात्रों से बातचीत कर जमीनी स्थिति समझी। छात्रों द्वारा बताई गई समस्याओं के आधार पर संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए जाने की बात कही गई है।