
पारदर्शी विकास ब्यूरो
तौनी, कुशीनगर। नगर पंचायत छितौनी के बुलहवापुरी वार्ड स्थित मां बोधी स्थान मंदिर परिसर में प्रस्तावित छठ घाट निर्माण कार्य का विधिवत भूमि पूजन संपन्न हुआ। यह घाट नगरी झील, तालाब एवं पोखरा संरक्षण योजना के अंतर्गत विकसित किया जाएगा। नगर पंचायत अध्यक्ष अशोक निषाद ने सभासदों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और श्रद्धालुओं की उपस्थिति में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन किया। इस अवसर पर अध्यक्ष अशोक निषाद ने कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र के श्रद्धालुओं को वर्षों से छठ महापर्व मनाने के लिए सीमावर्ती बिहार के श्रीपत नगर स्थित घाटों पर जाना पड़ता था, जिससे सुरक्षा, आवागमन और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष जनभावनाओं को देखते हुए अस्थायी छठ घाट का निर्माण कराया गया था, जिससे लोगों को काफी राहत मिली थी। उन्होंने कहा कि अब जनता से किए गए वादे के अनुरूप मां बोधी स्थान मंदिर परिसर में लगभग 50 लाख रुपये की लागत से स्थायी एवं आधुनिक सुविधाओं से युक्त छठ घाट का निर्माण कराया जाएगा। घाट पर श्रद्धालुओं के बैठने की समुचित व्यवस्था, आकर्षक प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षित सीढ़ियां तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। अध्यक्ष ने कहा कि इस परियोजना के पूरा होने के बाद क्षेत्र के श्रद्धालुओं को छठ पर्व के दौरान दूसरे राज्यों या दूरस्थ स्थानों पर जाने की आवश्यकता नहीं होगी। साथ ही यह धार्मिक आस्था के केंद्र के रूप में विकसित होकर स्थानीय पर्यटन और क्षेत्रीय विकास को भी नई गति प्रदान करेगा।भूमि पूजन कार्यक्रम में मंदिर के महंत बालकृष्ण दास, सभासद विजय कुमार मुन्ना, मनोनीत सभासद कर्मवीर साहनी, अरविंद चौधरी, रमेश निषाद, रवि साहनी, अर्जुन साहनी, जेई अमन गिरी, आफताब आलम, फिरोज लारी, रितेश सुरेका सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। नगर पंचायत छितौनी द्वारा प्रस्तावित यह स्थायी छठ घाट न केवल श्रद्धालुओं की सुविधा बढ़ाएगा, बल्कि क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।