
Pardarshi Vikas News Kanpur
कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर मानवता और तत्परता की मिसाल देखने को मिली, जब चलती ट्रेन में प्रसव पीड़ा से जूझ रही महिला की सुरक्षित डिलीवरी कराई गई। गाड़ी संख्या 12368 सोमवार को स्टेशन पहुंची तो उसमें सफर कर रही एक महिला को तेज लेबर पेन होने की सूचना रेलवे अधिकारियों को मिली।
सूचना मिलते ही आरपीएफ की ‘मेरी सहेली’ टीम में तैनात महिला कांस्टेबल रश्मि सचान और विनीता तत्काल मौके पर पहुंचीं। दोनों महिला सिपाहियों ने पीड़िता को सहारा दिया और प्राथमिक सहायता उपलब्ध कराई।
इसके बाद स्टेशन स्थित हेल्थ सेंटर के डॉक्टर विवेक अपनी टीम के साथ पहुंचे। महिला की गंभीर हालत को देखते हुए उसे ट्रेन से उतारकर स्ट्रेचर के जरिए प्लेटफॉर्म नंबर एक स्थित अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में सुरक्षित प्रसव कराया गया। महिला ने एक स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया।
महिला की पहचान सीता देवी (27), निवासी इब्राहिमपुर, नालंदा बिहार के रूप में हुई है। जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ हैं। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर देखभाल के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया।