
PARDARSHI VIKASH NEWS उन्नाव जिले में ज्येष्ठ माह के चौथे बड़े मंगल पर मंगलवार को श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिला। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक जगह-जगह भंडारों का आयोजन किया गया, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर हनुमान जी का आशीर्वाद लिया।हनुमान मंदिरों में सुबह से ही भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की। कई स्थानों पर सुंदरकांड पाठ, हनुमान चालीसा और भजन-कीर्तन का आयोजन भी किया गया।शहर के प्रमुख मंदिरों, बाजारों और मोहल्लों के अलावा गांवों में भी सामाजिक संगठनों और श्रद्धालुओं की ओर से बड़े स्तर पर भंडारे लगाए गए। श्रद्धालुओं को पूड़ी-सब्जी, हलवा, बूंदी, चना, शरबत और ठंडे पेय पदार्थ वितरित किए गए। भीषण गर्मी को देखते हुए पानी और शरबत की विशेष व्यवस्था की गई थी।बड़े मंगल के आयोजनों के चलते शहर के कई इलाकों में भीड़ बढ़ गई। यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए। प्रमुख मंदिरों और चौराहों पर पुलिस बल तैनात रहा तथा यातायात पुलिस लगातार निगरानी करती रही।ग्रामीण क्षेत्रों में भी बड़े मंगल को लेकर उत्साह नजर आया। कई गांवों में अखंड रामायण, भजन संध्या और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। श्रद्धालुओं का कहना है कि बड़े मंगल पर हनुमान जी की पूजा से संकट दूर होते हैं और सुख-समृद्धि प्राप्त होती है।