
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। जाजमऊ थाना क्षेत्र के नई बस्ती इलाके में चोरी के विवाद ने खूनी रूप ले लिया। बुधवार देर रात एक युवक पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की मदद से घायल को अस्पताल पहुंचाया गया। जानकारी के अनुसार, ई-रिक्शा चालक मोहम्मद गुड्डू (32) पर घर के बाहर कुछ लोगों ने हमला किया। परिजनों का आरोप है कि चार दिन पहले हुई चोरी की शिकायत और उसी विवाद को लेकर यह वारदात हुई। बताया गया कि पहले आरोपी ने घर से मोबाइल, नकदी और चांदी की पायल चोरी की थी, जिसके बाद परिवार ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले किया था। लेकिन बाद में वह छूट गया।परिजनों के अनुसार, आरोपी ने जाते समय धमकी दी थी। बुधवार रात करीब 11 बजे वह अपने साथियों के साथ आया और गुड्डू से गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर उस पर चाकुओं से हमला कर दिया गया, जिससे वह सड़क पर गिर पड़ा।घायल को पहले कांशीराम अस्पताल और फिर गंभीर हालत में हैलट रेफर किया गया, जहां उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। घटना से इलाके में दहशत का माहौल है।पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। गिरफ्तारी के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी।-थाना प्रभारी संजय पांडेय