
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। कल्याणपुर पुलिस ने चोरी के मोबाइल फोन खरीदकर बेचने वाले गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने राजस्थान के अजमेर से चोरी किए गए मोबाइल कानपुर में बेचने वाले पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 27 एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। दो नाबालिगों को भी संरक्षण में लिया गया है।डीसीपी पश्चिम एस.एम. कासिम आबिदी ने बताया कि पूछताछ में सामने आया कि आरोपी राजस्थान से चोरी के मोबाइल कम कीमत में खरीदकर कानपुर लाते थे और यहां महंगे दामों पर बेचते थे। बरामद मोबाइल फोन अजमेर क्षेत्र से चोरी किए जाने की पुष्टि हुई है।पुलिस ने बजरिया निवासी छोटे मियां, शाहिद अहमद, शहबाज और सलमान को गिरफ्तार किया है। सभी के खिलाफ कल्याणपुर थाने में बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है। अधिकारियों के मुताबिक जांच के दौरान मोबाइल चोरी और बिक्री के बड़े नेटवर्क का खुलासा हो सकता है।