
पारदर्शी विकास न्यूज़ सुलतानपुर। आदि गंगा मां गोमती का जलस्तर बढ़ने और विसर्जन कार्यक्रम नजदीक आने के बीच सीताकुण्ड धाम में गंदगी की समस्या बढ़ गई है। श्रद्धालुओं द्वारा पूजन सामग्री, कलश और कपड़े रास्तों पर छोड़ दिए जाने से स्वच्छता बनाए रखना चुनौती बन गया है। ऐसे हालात में गोमती मित्रों ने रविवार को तीन घंटे तक श्रमदान कर धाम की सफाई की और लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया।सुबह छह से नौ बजे तक चले साप्ताहिक श्रमदान के दौरान गोमती मित्रों ने विपरीत परिस्थितियों के बावजूद साफ-सफाई कर धाम को स्वच्छ रखने का प्रयास किया। बढ़ते जलस्तर के बीच विसर्जन कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर उनकी चिंता साफ दिखाई दी। हालांकि व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी प्रशासन की है, लेकिन गोमती मित्र धाम के प्रति अपनी सामाजिक जिम्मेदारी निभाने में जुटे हैं।गोमती मित्रों का कहना है कि धार्मिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। श्रमदान में प्रदेश अध्यक्ष मदन सिंह, प्रबंधक राजेंद्र शर्मा, प्रदेश प्रवक्ता रमेश माहेश्वरी, आरती संयोजक दिनकर सिंह, राकेश सिंह दद्दू, राजेश पाठक, मुन्ना सोनी, सेनजीत कसौधन दाऊ, रामु सोनी, आलोक तिवारी, सुजीत कसौधन, अभय, अर्जुन यादव, अशोक कुमार और अरुण गुप्ता सहित अन्य लोग मौजूद रहे।