
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। सलेमपुर स्थित सिद्ध श्री बालाजी मंदिर में मंगलवार को ज्येष्ठ माह के चौथे बड़े मंगल के अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही आसपास के गांवों और दूर-दराज से पहुंचे भक्तों ने बालाजी के दर्शन-पूजन कर सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर परिसर में घंटों और घड़ियालों की गूंज तथा “जय बालाजी सरकार” के जयकारों से भक्तिमय माहौल बना रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान हनुमान को लड्डू का भोग अर्पित किया। भीषण गर्मी के बावजूद आस्था का उत्साह कम नहीं दिखा। मंदिर के पुजारी पंडित विकास मिश्रा ने बताया कि ज्येष्ठ माह को पुरुषोत्तम मास के रूप में विशेष महत्व प्राप्त है। उन्होंने कहा कि सामान्य रूप से ज्येष्ठ माह में चार बड़े मंगल पड़ते हैं, लेकिन इस बार अधिकमास के कारण कुल आठ बड़े मंगल पड़ रहे हैं। हिंदू धर्म में ज्येष्ठ माह के मंगलवार को बड़ा मंगल या बुढ़वा मंगल कहा जाता है, जो भगवान हनुमान की उपासना के लिए अत्यंत शुभ माना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार त्रेतायुग में ज्येष्ठ मास के मंगलवार के दिन ही प्रभु श्रीराम और बजरंगबली का प्रथम मिलन हुआ था। वहीं महाभारत काल में इसी दिन हनुमान जी ने भीम का अभिमान तोड़ा था। मान्यता है कि इस दिन प्यासों को पानी, शर्बत और प्रसाद वितरित करने से विशेष पुण्य की प्राप्ति होती है। चंद्रेश गिरि ने बताया कि बड़े मंगल के दिन श्रद्धालुओं को स्नान कर लाल वस्त्र धारण करने चाहिए तथा हनुमान जी को चमेली के तेल में मिला सिंदूर अर्पित करना शुभ माना जाता है। सुंदरकांड और हनुमान चालीसा का पाठ करने से विशेष फल प्राप्त होता है। इस अवसर पर राधेश्याम शर्मा, प्रहलाद दास गुप्ता, हरिकिशन चौखानी, कमलनाथ गुप्ता और पंकज मिश्रा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।