
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। मई की गर्मी लगातार तीखे तेवर दिखा रही है। सुबह से ही तेज धूप निकलने के कारण तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है, जिससे सड़क पर आम दिनों की तुलना में आवाजाही कम देखी जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार 20 मई तक लू चलने का अलर्ट जारी किया गया है। मई में पहली बार तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोग धूप से बचने के लिए गमछा, छाता और कपड़ों का सहारा लेते नजर आए। सीएसए वेदर स्टेशन की रिपोर्ट के अनुसार पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान 41.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन और रात दोनों के तापमान में बढ़ोतरी हुई है। तेज पछुआ हवाओं के कारण गर्मी और अधिक महसूस की जा रही है, वहीं उमस ने रातों की परेशानी भी बढ़ा दी है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार आने वाले 72 घंटों तक तेज धूप और लू का असर जारी रहेगा। दोपहर में गर्म हवाएं स्थिति को और कठिन बनाएंगी, हालांकि शाम को आंशिक बादल छा सकते हैं लेकिन बारिश की संभावना नहीं है।