
पारदर्शी विकास ब्यूरो कुशीनगर। भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान के बीच चर्म रोगों के मरीजों की संख्या में तेजी से वृद्धि देखी जा रही है। ऐसे में लोगों को जागरूक करने के लिए बिहार के सिवान जनपद के बड़हरिया नगर स्थित स्किन ब्यूटी केयर सेंटर क्लीनिक के चर्म रोग विशेषज्ञ डॉ. परवेज़ अख्तर लगातार स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण सुझाव दे रहे हैं।शनिवार को जारी एक जागरूकता संदेश में डॉ. परवेज़ अख्तर ने कहा कि वर्तमान समय में त्वचा संबंधी बीमारियों के बढ़ने का प्रमुख कारण असंतुलित खानपान, फास्ट फूड का अत्यधिक सेवन, चिकन-मटन का अधिक उपयोग तथा खुले में बिकने वाले खाद्य पदार्थों का सेवन है। उन्होंने बताया कि इन कारणों से शरीर में एलर्जी, खुजली, फंगल इंफेक्शन और अन्य त्वचा रोग तेजी से फैल रहे हैं, जिसके चलते चर्म रोग विशेषज्ञों के पास मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है।डॉ. अख्तर ने लोगों से गर्मी के मौसम में विशेष सावधानी बरतने की अपील करते हुए कहा कि स्वच्छता का पालन करें, हल्के एवं सूती कपड़े पहनें तथा पर्याप्त मात्रा में पानी का सेवन करें। उन्होंने कहा कि शरीर को ठंडा रखने और संतुलित आहार अपनाने से त्वचा संबंधी अनेक समस्याओं से बचा जा सकता है।उन्होंने कहा कि चर्म रोग होने पर घरेलू उपचारों के बजाय विशेषज्ञ चिकित्सक की सलाह लेना अधिक लाभकारी होता है। समय पर उपचार और जागरूकता से त्वचा रोगों पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है।