news-details

भीषण गर्मी में भी बाबा विश्वनाथ के दर्शन को उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS धर्म नगरी वाराणसी में जेठ की तपती गर्मी और 42 डिग्री सेल्सियस तापमान के बावजूद काशी विश्वनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सोमवार को मंदिर के बाहर करीब एक किलोमीटर लंबी कतारें देखने को मिलीं। श्रद्धालुओं का कहना है कि बाबा के दर्शन और आस्था के आगे भीषण गर्मी भी फीकी है।गर्मी की छुट्टियों के चलते बड़ी संख्या में परिवार धार्मिक यात्रा पर निकले हैं। श्रद्धालु वाराणसी के साथ अयोध्या और प्रयागराज के दर्शन का भी कार्यक्रम बनाकर पहुंचे हैं। कई लोगों ने कहा कि बच्चों को सनातन संस्कृति और मंदिरों की परंपरा से जोड़ने के उद्देश्य से वे उन्हें काशी लेकर आए हैं।दिल्ली से आए श्रद्धालु आदित्य कुमार ने बताया कि वह एक घंटे से अधिक समय से कतार में लगे हैं। उन्होंने कतार में कुछ लोगों के जबरन घुसने पर नाराजगी जताई, लेकिन कहा कि लाइन में लगकर बाबा के दर्शन करने का अलग ही आनंद है।भीषण गर्मी को देखते हुए मंदिर प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए हैं। परिसर में जर्मन हैंगर, पंखे, कूलर और पीने के पानी की व्यवस्था की गई है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए चार द्वारों से प्रवेश कराया जा रहा है, जबकि जरूरत पड़ने पर पांचों द्वार खोलने की तैयारी भी है।मंदिर के कार्यपालक अधिकारी विश्व भूषण मिश्रा ने बताया कि पिछले कुछ दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या तेजी से बढ़ी है। उन्होंने बताया कि सुगम दर्शन और मंगला आरती के लिए अब आधार कार्ड अनिवार्य कर दिया गया है।