
PARDARSHI VIKASH NEWS आगरा भीषण गर्मी और लू की चपेट में है। शहर का तापमान 46.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जिसके बाद प्रशासन ने 20 मई को कक्षा 8 तक के सभी स्कूल बंद रखने का आदेश जारी किया है। वहीं कक्षा 9 से 12 तक की पढ़ाई ऑनलाइन माध्यम से कराई जाएगी। जिला विद्यालय निरीक्षक चंद्रशेखर ने सभी बोर्ड के स्कूलों को आदेश का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए हैं। मौसम विभाग ने 24 मई तक हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। मंगलवार इस सीजन का सबसे गर्म दिन रहा, जबकि न्यूनतम तापमान भी बढ़कर 27.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है।भीषण गर्मी का असर पर्यटन पर भी साफ दिखाई दे रहा है। ताजमहल और आगरा किला देखने आने वाले पर्यटकों की संख्या में भारी गिरावट दर्ज की गई है। मंगलवार को ताजमहल देखने केवल 13 हजार के करीब पर्यटक पहुंचे, जबकि सामान्य दिनों में यह संख्या लगभग 25 हजार रहती है। दोपहर के समय ताजमहल परिसर लगभग खाली नजर आया। संगमरमर और पत्थर तेज धूप में इतने गर्म हो रहे हैं कि पर्यटकों के लिए नंगे पैर चलना मुश्किल हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक बारिश या आंधी की संभावना नहीं है और तापमान 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।