news-details

भारत सेवक समाज की केंद्रीय प्रशासनिक समिति की बैठक संपन्न

You can share this post!

नई दिल्ली के कार्यों के लिए 10 सदस्यीय समिति गठित

 मिर्जापुर। भारत सेवक समाज की केंद्रीय प्रशासनिक समिति की महत्वपूर्ण बैठक 14 अक्टूबर को मिर्जापुर में राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं चेयरमैन परमपूज्य स्वामी केशवानंद जी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में संगठन के राष्ट्रीय स्तर पर विस्तार, प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने, नई दिल्ली स्थित केंद्रीय कार्यालय के संचालन और सामाजिक गतिविधियों को प्रभावी बनाने सहित कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए।

बैठक की शुरुआत में भारत सेवक समाज के राष्ट्रीय महासचिव इंद्रदेव तिवारी ने स्वामी केशवानंद जी का अंगवस्त्र एवं माता विंध्यवासिनी का चित्र भेंट कर स्वागत किया। इसके बाद बरेली और नई दिल्ली में आयोजित पिछली बैठकों की कार्यवाही की पुष्टि की गई। बैठक में संगठन के सुचारू संचालन और राष्ट्रीय स्तर पर गतिविधियों को गति देने के संबंध में विस्तार से विचार-विमर्श हुआ।संगठनात्मक गतिविधियों में समन्वय स्थापित करने और नई दिल्ली स्थित संस्था के कार्यों को व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं चेयरमैन स्वामी केशवानंद जी के नेतृत्व में 10 सदस्यीय समिति गठित करने का प्रस्ताव रखा गया। राष्ट्रीय महासचिव इंद्रदेव तिवारी द्वारा प्रस्तुत इस प्रस्ताव को उपस्थित सदस्यों ने सर्वसम्मति से मंजूरी दी।समिति में दिल्ली से नेतराम नारायण, विपिन कुमार गुप्ता, राधेश्याम शर्मा और राजीव कुमार पाल को शामिल किया गया। इसके अलावा गुप्तेश्वर उपाध्याय (दिल्ली), शरद प्रकाश अग्रवाल (कानपुर), सुबोध जौहरी (बरेली), इंद्रदेव तिवारी (मिर्जापुर), नरेंद्र गुप्ता (मिर्जापुर) और अनीस अंसारी (लखनऊ) को भी समिति में जिम्मेदारी दी गई। समिति संगठन के कार्यों में समन्वय, प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने और गतिविधियों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने का कार्य करेगी।बैठक में संगठन के प्रशासनिक एवं वित्तीय कार्यों को सुव्यवस्थित करने के लिए दिल्ली में कार्यालय स्थापित करने तथा संस्था के नियमानुसार बैंक खाता खोलने का प्रस्ताव भी पारित किया गया। इन व्यवस्थाओं के माध्यम से संगठन के कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही और कार्यकुशलता बढ़ाने पर जोर दिया गया।भारत सेवक समाज के उद्देश्यों को व्यापक स्तर पर जनसामान्य तक पहुंचाने और सामाजिक क्षेत्रों में भागीदारी बढ़ाने के लिए तीन सहयोगी संगठनों के गठन पर सहमति बनी। इनमें भारत युवक समाज, नारी शक्ति संगठन और संयुक्त सदाचार समिति शामिल हैं। इन संगठनों के माध्यम से युवाओं की भागीदारी बढ़ाने, महिला सशक्तीकरण को प्रोत्साहित करने, नैतिक मूल्यों के प्रसार और सामाजिक सेवा से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाने की योजना है।बैठक के समापन के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं चेयरमैन स्वामी केशवानंद जी ने प्रेस एवं मीडिया प्रतिनिधियों के माध्यम से देशवासियों को संदेश दिया। उन्होंने भारत सेवक समाज के मूल उद्देश्यों, सामाजिक उत्तरदायित्व और जनसेवा की भावना को आगे बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने संगठन के सभी पदाधिकारियों, सदस्यों और प्रतिनिधियों से आपसी सहयोग, समर्पण, अनुशासन एवं समन्वय के साथ संस्था के उद्देश्यों की पूर्ति में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।उन्होंने बिहार, गुजरात और उत्तर प्रदेश से बनाए गए सदस्यों के आवेदन पत्र भरवाने तथा निर्धारित शुल्क से संबंधित सूची उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी नरेंद्र गुप्ता को सौंपी। स्वामी केशवानंद ने बैठक में लिए गए निर्णयों को संगठन के सुदृढ़ीकरण, प्रशासनिक सुधार और सामाजिक सेवा को नई दिशा देने की दृष्टि से महत्वपूर्ण बताया।इस अवसर पर भारत सेवक समाज के नवनियुक्त कार्यकारी अध्यक्ष नेतराम नारायण, राष्ट्रीय महासचिव इंद्रदेव तिवारी, उत्तर प्रदेश महासचिव शरद प्रकाश अग्रवाल और राष्ट्रीय सचिव राधेश्याम शर्मा ने भी अपने विचार व्यक्त किए। अंत में राष्ट्रीय सचिव नरेंद्र गुप्ता ने बैठक के सफल आयोजन के लिए सभी का आभार व्यक्त किया।बैठक में संयुक्त सचिव चक्रपाणि और राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष रामेश्वर गुप्ता ने सराहनीय सहयोग किया। इसके साथ ही दिल्ली के प्रभाकर सिंह, अभय पांडे, ओम प्रकाश सिंह, हृदय साहू, आशुतोष दुबे सहित बड़ी संख्या में प्रतिनिधियों एवं सदस्यों ने सहभागिता की।बैठक में पारित प्रस्तावों के माध्यम से भारत सेवक समाज की संगठनात्मक संरचना को मजबूत करने, प्रशासनिक कार्यों में समन्वय बढ़ाने और जनसेवा से जुड़े कार्यों को व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाने की दिशा में पहल की गई।