
PARDARSHI VIKASH NEWS उत्तर प्रदेश भाजपा युवा मोर्चा (भाजयुमो) के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष रोहित मिश्रा की नियुक्ति के बाद सियासी विवाद शुरू हो गया है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए और नियुक्ति पर सवाल खड़े किए।कांग्रेस ने दावा किया कि वर्ष 2024 में रोहित मिश्रा पर गर्ल्स हॉस्टल के बाहर अश्लीलता फैलाने, मारपीट करने और महिलाओं से जुड़े गंभीर आरोप लगे थे। पार्टी का कहना है कि इस मामले में उनके खिलाफ एफआईआर भी दर्ज हुई थी। कांग्रेस ने यह भी आरोप लगाया कि घटना के दौरान महिलाओं की सुरक्षा के लिए आवाज उठाने वाले एक व्यक्ति और उसके परिवार के साथ भी मारपीट की गई थी।अपने पोस्ट में कांग्रेस ने भाजपा पर अपराधियों को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए कहा कि ऐसे व्यक्ति को प्रदेश अध्यक्ष जैसा महत्वपूर्ण पद देना पार्टी की कार्यशैली पर सवाल खड़े करता है। कांग्रेस ने भाजपा के 'नारी सम्मान' के दावों पर भी निशाना साधते हुए पूछा कि महिलाओं से जुड़े गंभीर आरोपों का सामना कर चुके व्यक्ति को संगठन की बड़ी जिम्मेदारी कैसे सौंपी गई।गौरतलब है कि भाजपा ने एक दिन पहले ही संगठनात्मक फेरबदल के तहत रोहित मिश्रा को भारतीय जनता युवा मोर्चा का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। इस मामले में रोहित मिश्रा का पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका। उनके सहयोगी ने बातचीत कराने का आश्वासन दिया, हालांकि समाचार लिखे जाने तक कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।