
पारदर्शी विकास न्यूज़ जगदीशपुर। बहुजन समाज पार्टी के संस्थापक मान्यवर कांशीराम के महापरिनिर्वाण दिवस पर भाजपा नेता श्री राम क्रांतिकारी और उपमा सरोज सहित अन्य नेताओं ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। श्री राम क्रांतिकारी ने कहा कि कांशीराम सामाजिक चेतना के महानायक थे। बहुजन समाज को राजनीति में मिल रहा सम्मान और भागीदारी उनके संघर्षों का परिणाम है।श्री राम क्रांतिकारी ने डीएस-4 के गठन के साथ राजनीतिक जीवन शुरू किया था और कांशीराम के करीबी कार्यकर्ताओं में शामिल रहे। शराबबंदी आंदोलन के दौरान बरेली मोर्चे पर उन्हें पुलिस की लाठियां झेलनी पड़ीं और जेल भी जाना पड़ा था। कांशीराम ने उन्हें ‘श्री राम क्रांतिकारी’ नाम दिया था और जेल से छुड़ाया था। बसपा की पहली सरकार में वह तत्कालीन परिवहन मंत्री आरके चौधरी के पीआरओ रहे। बाद में उन्होंने कांग्रेस और सपा में भी राजनीति की तथा वर्तमान में भाजपा में हैं। उनकी पत्नी उपमा सरोज भाजपा की जिला उपाध्यक्ष हैं। भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के पूर्व जिलाध्यक्ष विजय कुमार और पूर्व मंडल अध्यक्ष राम बरन ने भी कांशीराम को श्रद्धांजलि दी।